छत्तीसगढ़

बैकवर्ड लिंक के आधार पर गांजा तस्करी सप्लायर उडीसा से गिरफ्तार

SHIDDHANT
29 Aug 2026 8:25 PM IST
बैकवर्ड लिंक के आधार पर गांजा तस्करी सप्लायर उडीसा से गिरफ्तार
x
छग
Telibandha तेलीबांधा: गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में रायपुर पुलिस ने बैकवर्ड लिंक के आधार पर कार्रवाई करते हुए ओडिशा के सोनपुर से कथित गांजा सप्लायर देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। इससे पहले 4 अगस्त को पुलिस ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे छह चक्का अशोक लीलैंड ट्रक समेत उसमें लोड भारी मशीनरी भी जब्त की थी। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई थी। मामले में थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी आधार पर ओडिशा के सोनपुर निवासी देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू की पहचान कथित बड़े सप्लायर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से उसकी लोकेशन पता की और सोनपुर पहुंचकर उसके ठिकाने पर दबिश दी।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में नारकोटिक एक्ट से जुड़े मामलों में ओडिशा में दो बार जेल जा चुका है। फिलहाल उसका पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की इंड-टू-इंड जांच कर रही है। सप्लाई के स्रोत, वितरण चैनल और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
Next Story