छत्तीसगढ़
ट्रक पलटने से खुला गांजा तस्करी का राज, 238 किलो गांजा बरामद, ड्राइवर गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Oct 2026 8:27 PM IST

x
छग
Surajpur. सूरजपुर। जिले के घाट पेंडारी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा कर दिया। उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक ट्रक पलटने के बाद उसमें रखी प्लास्टिक दाने की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामला चंदौरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 अनियंत्रित होकर पलट गया था। ट्रक में प्लास्टिक दाने की बोरियां लदी हुई थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक सुनील कुमार ने क्रेन की मदद से वाहन को उठवाया और सड़क पर बिखरी बोरियों को मजदूरों से वापस ट्रक में रखवाने लगा। इसी दौरान कुछ बोरियों को बाकी माल से अलग रखकर प्लास्टिक के तिरपाल से ढंक दिया गया। इससे आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ।
संदिग्ध स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने चंदौरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को ट्रक के आसपास प्लास्टिक दाने की कई बोरियां पड़ी मिलीं, लेकिन उस समय ट्रक चालक और अन्य लोग मौके पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान सड़क किनारे छिपाकर रखी गई नौ बोरियां बरामद की गईं। इन बोरियों को खोलने पर उनमें गांजा भरा मिला। वजन कराने पर कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ट्रक में प्लास्टिक दाने की बड़ी खेप लदी होने के कारण रास्ते में किसी को गांजा तस्करी का संदेह नहीं हुआ। वाहन रायगढ़ के रास्ते सरगुजा जिला पार कर सूरजपुर तक पहुंच गया था। यदि ट्रक घाट पेंडारी में नहीं पलटता तो गांजा छिपाए जाने का मामला सामने आना मुश्किल हो सकता था। जांच के दौरान पुलिस ने फरार ट्रक चालक सुनील कुमार उम्र 32 वर्ष, निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश, को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि ट्रक अलीगढ़ निवासी उसके एक साथी के नाम पर रजिस्टर्ड है और दोनों मिलकर ट्रक चलाते हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ट्रक में ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा भी लोड किया गया था। गांजे की खेप उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाई जा रही थी। घाट पेंडारी में ट्रक पलटने के बाद पकड़े जाने के डर से गांजे की बोरियों को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर ऊपर से तिरपाल डाल दिया गया था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। ट्रक मालिक, गांजा लोड कराने वाले और इसे उत्तर प्रदेश में प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गांजा जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। चंदौरा पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story





