छत्तीसगढ़

नहर का तटबंध टूटा, ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग को ठहराया जिम्मेदार

Nilmani Pal
26 March 2024 10:29 AM GMT
नहर का तटबंध टूटा, ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग को ठहराया जिम्मेदार
x

कोरबा। कोरबा में दायीं नहर का तटबंध टूट जाने से लाखों लीटर पानी बह गया। इस नहर को जल संसाधन विभाग ने निर्माण कराया था। घटिया निर्माण की वजह से दायीं तट नहर का तटबंध टूटा है, जिसे लेकर अब विभाग लीपापोती करने में जुटा है।

बताया जा रहा है कि तटबंध का ऊपरी हिस्सा सुरक्षित है, लेकिन नीचे बड़ा होल हो गया है। इससे तेज गति में पानी बहा है। कुछ ग्रामीणों ने जब पानी बहते हुए देखा तो इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी। स्थानीय लोगों की माने तो घटना देर रात की है।

नहर में पानी का बहाव बहुत तेज था। सुबह जब लोगों की नजर इस पर पड़ी तब तक नहर से नदी में लाखों लीटर पानी बह चुका था। किसानों के खेतों और बाड़ी के किनारे से होते हुए हसदेव नदी में जाकर मिल गया। किसानों ने बताया कि ये पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी सीतामढ़ी क्षेत्र में एक बड़ा हिस्सा का मध्य तटबंध टूट गया था। इसके बाद पानी आसपास के घरों में घुस गया था। इस घटना के बाद हाहाकार मच गया था। इसके बाद काफी लंबे समय तक मरम्मत कार्य चला।

Next Story