छत्तीसगढ़

CAF जवान ने चुपचाप कर ली दूसरी शादी, पहली पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज

Nilmani Pal
17 April 2022 4:51 AM GMT
CAF जवान ने चुपचाप कर ली दूसरी शादी, पहली पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
x
छग

बिलासपुर। राजस्व मंत्री के रायपुर स्थित सरकारी आवास के सुरक्षा में तैनात सीएएफ के जवान ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर गुपचुप तरीके से दूसरी लड़की से शादी कर ली। विरोध करने पर जवान पहली पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाना में की। पुलिस ने आरोपित जवान के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के सांई मंदिर के पास रहने वाली ललिता भैना ने अपनी शिकायत में बताया कि नौ साल पूर्व उनकी बेमेतरा जिला के नांदघाट ग्राम कुर्रा के रहने वाले ओमलाल चतुर्वेदी से जान पहचान हुई थी। ओमलाल सीएएफ में सिपाही के पद पर पदस्थ थे। इसके बाद दोनों आपास में बातचीत करने लगे। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। साल 2016 में ओमलाल का बस्तर ट्रांसफर हो गया। दो जनवरी 2019 को ग्राम तालागांव के शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह हुआ। दंपती चकरभाठा में रह रहे थे। इस बीच वह बस्तर ड्यूटी करने चला गया। वहां से छुट्टी लेकर चकरभाठा स्थित मकान में आकर साथ रहता था।

जब ललिता ने ओमलाल को अपने साथ बस्तर ले जाने को कहा तो वह विवाद करने लगा। गाली-गलौज व मारपीट करता था। इसके बाजवूद पीड़िता सब कुछ चुपचाप सहन करती रही। बीते 26 मई 2021 को ओमलाल चकरभाठा आया था। इस बार भी ललिता ने बस्तर में साथ रहने की की बात कही। तब शाम को उसके साथ जमकर विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद वह एक साल के लिए असम ट्रेनिंग में जाने की बात कहकर चला गया। दोनों फोन से रोजाना बातचीत करते थे।

14 अप्रैल 2022 को पीड़िता ने ओमलाल को फोन किया। इस बीच किसी महिला ने फोन उठाया। फोन उठाने वाली महिला ने अपना नाम पूजा बताया और कहा कि वह ओमलाल की पत्नी है। एक साल पहले शादी हुई है। इसके बाद ओमलाल से भी बात हुई। उसने भी श्यामलता उर्फ पूजा से शादी करने की जानकारी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित ओमलाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपित रायपुर में राजस्व मंत्री के सरकारी बंगले में ड्यूटी करता है। वहां शंकर नगर में किराए के मकान में रहता है। बीच-बीच में वह रायपुर से चकरभाठा आना-जाना करता था।


Next Story