छत्तीसगढ़

कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव बोले- समाज को संस्कारवान और संगठित बनाना समय की जरूरत

Shantanu Roy
15 Oct 2025 12:25 AM IST
कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव बोले- समाज को संस्कारवान और संगठित बनाना समय की जरूरत
x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में समाज को संस्कारवान, शिक्षित और संगठित बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वे रविवार को बलौदाबाजार जिले के ग्राम लवन में आयोजित “छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज” के अभिनंदन एवं शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगठित समाज ही राज्य और देश के विकास की आधारशिला है। गजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज सदियों से श्रम, सेवा और त्याग की परंपरा का पालन करता आया है। समाज के युवा अब शिक्षा, खेल, प्रशासन और राजनीति के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में समाज और अधिक सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

मंत्री यादव ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे शासन की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री मितान योजना, ग्रामीण आवास योजना, कृषि अनुदान योजना और युवाओं के लिए चलाई जा रही स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित थे। मंच से मंत्री यादव ने यह भी कहा कि समाज के उत्थान के लिए शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आग्रह किया कि वे गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग करें और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दें। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, संगठन मंत्री चंदराम यादव, कार्तिक यादव, पलारी जनपद अध्यक्ष सरिता भीम यादव, बलौदाबाजार जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भगत यादव, नवनियुक्त अध्यक्ष टेमलाल यादव, सचिव अरुण यादव और रामचरण यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवपदस्थ पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में कार्य करने की शपथ ली। मंत्री गजेंद्र यादव ने समाज की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए लवन क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण और युवाओं के लिए खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने मंत्री यादव का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। पूरा आयोजन उत्साह और सौहार्द के माहौल में सम्पन्न हुआ।
Next Story