
x
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर। राजधानी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूर्व में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार महिला आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर पर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से संबंधित फर्जी अस्पताल दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। पूछताछ में डॉक्टर ने वर्ष 2026 में तीन प्रसव होने तथा 26 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता के उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स के रूप में कार्य करता था। पुलिस के मुताबिक, वह अश्वनी शर्मा और अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में कथित रूप से संलिप्त था। आरोप है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं का फायदा उठाकर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार, अश्वनी शर्मा इस अवैध कारोबार से जुड़े पैसों के लेनदेन में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डॉ. खिर सिंधु महानंद (45), निवासी मोतीलाल नगर कोटा, प्रकाश कुमार कौरव (45), निवासी कपिस विहार अमलीडीह और अश्वनी शर्मा (38), निवासी रामकुंड विहार रायपुर के रूप में हुई है। फिलहाल आजाद चौक पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रकरण में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
Next Story





