छत्तीसगढ़
रायपुर में कारोबारी का किडनैप, 12 घंटे में गुत्थी सुलझी, 3 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Oct 2026 6:59 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए अपहरण की पूरी कड़ी जोड़ी। आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र में काले रंग की स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा गया। पुलिस टीम आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके पति घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले डीएम टावर और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के बारीकी से अवलोकन में सामने आया कि प्रतीक राय को उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात लोग जबरन अपने साथ ले गए थे। CCTV फुटेज से घटना की महत्वपूर्ण कड़ी पुलिस के हाथ लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी इस्तेमाल करने और दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों तक जल्द पहुंचने को कहा। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस की टीम ने वाहन की तलाश शुरू की। CCTV से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो की तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच के दौरान वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद रायपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया। थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस को संदिग्ध वाहन की जानकारी, संभावित मार्ग और अन्य तकनीकी इनपुट साझा किए गए। इसके अलावा चौपन, रॉबर्ट्सगंज सहित रास्ते में आने वाले अन्य पुलिस क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया। संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और चेकिंग प्वाइंट लगाए गए। रायपुर पुलिस की टीम लगातार वाहन की लोकेशन और टोल संबंधी जानकारी संबंधित पुलिस टीमों के साथ साझा करती रही। वाहन की लोकेशन बदलने के साथ ही रास्ते में तैनात पुलिस टीमों को अपडेट किया जाता रहा। इसी समन्वित कार्रवाई के चलते उत्तर प्रदेश पुलिस वाहन तक पहुंचने में सफल रही।
अंततः थाना अहरौरा पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में प्रारंभिक तौर पर वाहन और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के चलते प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया और उन्हें उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), पिता राम सिंह, निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश; बृहस्पत देव सिंह (27), पिता रामबहादुर सिंह, निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश और आदर्श सिंह (24), पिता संतोष कुमार सिंह, निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को अहरौरा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया है। उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी वजह, कारोबारी से उनके संबंध और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी। इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र जायसवाल और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद लगातार CCTV फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी सर्विलांस, वाहन ट्रैकिंग, टोल संबंधी जानकारी जुटाने और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय का काम किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गंभीर अपराधों में त्वरित सूचना मिलने का विशेष महत्व है। इस मामले में भी शिकायत मिलने के बाद तत्काल तकनीकी जांच शुरू होने से पुलिस को कुछ ही घंटों में वाहन की दिशा और संभावित ठिकाने की जानकारी मिल गई। इसके बाद अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए अहरौरा में वाहन को रोककर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस आरोपियों को रायपुर लाकर पूछताछ करेगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रतीक राय को सुरक्षित रायपुर लाने के बाद उनके बयान के आधार पर भी मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
Next Story





