छत्तीसगढ़

बस का डीजल खत्म, यात्रियों ने किया हंगामा

Nilmani Pal
20 May 2026 12:08 PM IST
बस का डीजल खत्म, यात्रियों ने किया हंगामा
x
छग

बिलासपुर। जिले के कई पेट्रोल पंप सूख चुके हैं, जबकि जहां डीजल उपलब्ध है वहां भी सीमित मात्रा में ही दिया जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी यात्री बसों को झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को बिलासपुर से गौरेला जा रही एक यात्री बस रास्ते में डीजल खत्म होने से बंद हो गई। बस में सवार यात्रियों को तेज गर्मी में करीब तीन घंटे तक सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। जानकारी के अनुसार बस सुबह 9 बजे बिलासपुर बस स्टैंड से रवाना हुई थी। बस ऑपरेटर ने बताया कि रवाना होने से पहले राजीव गांधी चौक, मंदिर चौक और सीपत चौक स्थित पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने की कोशिश की गई, लेकिन सुबह साढ़े नौ बजे तक कहीं डीजल नहीं मिला।

इसके बाद रतनपुर से पहले पेंडरवा में किसी तरह केवल एक हजार रुपये का डीजल मिल सका। बस आगे बढ़ी, लेकिन रतनपुर-बेलगहना मार्ग पर खैरा, बारीडीह, कंचनपुर, गरसागर और बेलगहना के पांच पेट्रोल पंपों पर भी डीजल उपलब्ध नहीं मिला।

लगातार तलाश के बावजूद दोपहर करीब 12 बजे गरसागर के पास बस पूरी तरह बंद हो गई। बस में 20 से 25 यात्री सवार थे, जिन्हें भीषण गर्मी में सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। बाद में दूसरे वाहनों और बसों की मदद से यात्रियों को गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। काफी मशक्कत के बाद कंचनपुर में चार हजार रुपये का डीजल मिला, तब जाकर बस वापस बिलासपुर लौट सकी।


Next Story