छत्तीसगढ़

श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार, 54 यात्री बाल-बाल बचे

Shantanu Roy
9 Aug 2026 4:36 PM IST
श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार, 54 यात्री बाल-बाल बचे
x
छग
Gariaband. गरियाबंद। सावन माह में भगवान भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गरियाबंद जिले पहुंच रहे हैं। इसी बीच मरौदा गांव स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ धाम से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस भकुर्रा मार्ग के पास हादसे का शिकार हो गई। सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान बस सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे चल रहा एक व्यक्ति बस की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि बस में सवार सभी 54 श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से श्रद्धालुओं को लेकर गरियाबंद जिले के मरौदा गांव स्थित भूतेश्वरनाथ धाम गई थी। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं से भरी बस वापस रायपुर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान भकुर्रा मार्ग के पास पुल पर सामने से एक वाहन आ गया। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान बस चालक ने बस को किनारे करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस का अगला पहिया पुल के किनारे धंस गया और बस सड़क से नीचे उतर गई। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान बस का सामने का कांच भी टूट गया। हालांकि बस पलटने से बच गई और बड़ी दुर्घटना टल गई।
बस में उस समय कुल 54 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में बस के किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है। सभी श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि सड़क किनारे से गुजर रहा एक व्यक्ति बस की चपेट में आने से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति की मदद की और डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की सहायता से घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों द्वारा घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हादसे में बस के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बस को सड़क से सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
घटना के बाद भकुर्रा मार्ग पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुल के पास बस के सड़क से नीचे उतर जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास शुरू किया। वाहनों को नियंत्रित कर जाम कम करने की कोशिश की गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया था। सावन माह के कारण भूतेश्वरनाथ धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर पहले से ही श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या काफी अधिक है। कल सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना है। इसके चलते मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ गया है। हादसे के बाद लगे जाम से धाम की ओर जाने और वहां से लौटने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Next Story