छत्तीसगढ़

बृजभूषण शरण का रावण वाला पुतला दहन, महिला कांग्रेस ने की अरेस्ट करने की मांग

Nilmani Pal
15 Jun 2023 9:33 AM GMT
बृजभूषण शरण का रावण वाला पुतला दहन, महिला कांग्रेस ने की अरेस्ट करने की मांग
x

गरियाबंद। महिला यौन उत्पीड़न आरोपों से घिरे भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की गई. तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में दोपहर 1 बजे ब्लॉक महिला कांग्रेस मैनपुर ने केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. बस स्टैण्ड थाना के सामने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण की रावण रूपी विशाल पुतले का दहन किया.

इस दौरान जिला पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी रहे संजय नेताम ने कहा कि भाजपा के सरकार में देश के भीतर बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के उपर महिला पहलवानों के द्वारा आरोप लगाने के बाद भी अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होना समझ से परे है. केन्द्र की भाजपा सरकार यौन उत्पीड़न के आरोप में घिरे भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को बचाने में लगी हुई है और उन्हें पूरा संरक्षण दिया जा रहा है.

मैनपुर ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका कपिल ने कहा कि लोकतंत्र के साथ देश मे खिलवाड़ किया जा रहा है. देश की शान और देश के लिए मैडल लाने वाली बेटियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है. महिला खिलाड़ियों को भाजपा सरकार बूटों तले रौंद रही है. यह गलत है मोदी सरकार अहंकार में डूबी हुई है. तत्काल भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गैंदू यादव ने कहा कि आज देश की बेटियां न्याय की गुहार लगा रही हैं. उन्हें न्याय देना तो दूर भाजपा के महिला कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा भी इस मामले में चुप्पी साधे रहना समझ से परे है. तत्काल भाजपा सांसद को गिरफ्तार किया जाए.


Next Story