
मनेन्द्रगढ़. नगर पंचायत जनकपुर क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. वनमंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत उपवनमंडल जनकपुर के वन परिक्षेत्र कुंवारपुर के कक्ष क्रमांक 1267 में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया गया.
जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ तिराहा स्थित वन भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था. विभाग ने पहले ही भारतीय वन अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे और संबंधित लोगों को समझाइश भी दी गई थी.
इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक निर्माणाधीन मकान को जमींदोज किया गया, जबकि दो अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया गया. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र “अंधा मोड़” के पास स्थित है, जहां पहले कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं. ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से भी यह कार्रवाई जरूरी थी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा.





