छत्तीसगढ़

तहसीलदार के आदेश पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन अवैध मुक्त

Nil dhankar
9 Jun 2023 7:16 AM IST
तहसीलदार के आदेश पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन अवैध मुक्त
x
छग

बिलासपुर। बिलासपुर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए जा रहे निर्माणाधीन मकान पर नगर निगम ने बुलडोजर चलवा दिया है। इस दौरान अवैध कब्जाधारी ने निगम की टीम के साथ दुर्व्यवहार करते हुए जमकर हंगामा मचाया और बुलडोजर के सामने आ गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें हटाकर शांत कराया और अवैध निर्माण को ढहा दिया।

मोपका में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाने की लगातार शिकायतें मिल रही है। ऐसे ही विवेकानंद नगर में मनीषा सिंह पति प्रियमवद सिंह ने भी कॉलोनी की सरकारी जमीन व निस्तारी रास्ते में अवैध कब्जा कर मकान बना लिया था और अब पक्का निर्माण किया जा रहा था। इस पर कॉलोनी के लोगों ने विरोध किया, तब भी वह नहीं मानी।

गुरुवार को नगर निगम का अमला कब्जा हटाने बुलडोजर लेकर पहुंचा, तब महिला और उसके परिजन सामने आ गए और विरोध करते हुए जमकर हंगामा मचाने लगे। महिला व उसके परिजन बुलडोजर के सामने खड़े हो गए और मकान को नहीं तोड़ने पर अड़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें हटाया गया और बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। नगर निगम के अतिक्रमण शाखा प्रभारी प्रमिल शर्मा ने बताया कि मोपका के विवेकानंद कॉलोनी में अवैध निर्माण तोड़ने के लिए तहसीलदार के कोर्ट से आदेश जारी हुआ है, जिस पर अमल करते हुए निगम की टीम पहुंची थी।


Next Story