छत्तीसगढ़

रायपुर के SBI ATM में घुसा सांड

Shantanu Roy
17 Sept 2026 6:09 PM IST
रायपुर के SBI ATM में घुसा सांड
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में आवारा मवेशियों की समस्या अब सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंचती नजर आ रही है। शहर के जुट मिल इलाके में स्थित एक SBI ATM कक्ष के अंदर सांड के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ATM की सुरक्षा व्यवस्था और बैंक प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला जुट मिल क्षेत्र में थाने के पास स्थित ATM का है। ATM के अंदर सांड के मौजूद रहने के कारण ग्राहक वहां जाने से बचते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि ATM जैसी जगह पर इस तरह आवारा मवेशी का पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था की कमी को दर्शाता है।

ATM में सांड देखकर ग्राहक हुए परेशान
स्थानीय लोगों के अनुसार ATM कक्ष में सांड के घुसने का वीडियो सामने आने के बाद आसपास के लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। ATM में पैसे निकालने पहुंचने वाले ग्राहक अंदर जाने से कतरा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सांड जैसे बड़े जानवर के ATM कक्ष में मौजूद रहने से कभी भी अप्रिय स्थिति बन सकती है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और अकेले आने वाले ग्राहकों के लिए यह परेशानी का कारण बन सकता है।


सुरक्षा गार्ड नहीं होने से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले कई ATM केंद्रों के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते थे, जिससे ग्राहकों को सुरक्षा का भरोसा रहता था। लेकिन अब कई स्थानों पर सुरक्षा गार्ड दिखाई नहीं देते। लोगों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण शाम के समय आवारा मवेशी ATM परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। शहर के अन्य हिस्सों में भी कई ATM के आसपास आवारा जानवरों के घूमने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

बैंक प्रबंधन से व्यवस्था सुधारने की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने बैंक प्रबंधन से ATM केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ATM कक्ष में केवल ग्राहकों की सुविधा के लिए व्यवस्था होनी चाहिए और आवारा मवेशियों की एंट्री रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। लोगों ने मांग की है कि ATM के प्रवेश द्वार और आसपास के क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे जानवर अंदर प्रवेश न कर सकें।

वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है और सांड ATM कक्ष के अंदर कितनी देर तक मौजूद रहा। बैंक प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद शहर में आवारा मवेशियों की समस्या और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Next Story