
राजनांदगांव। जीजा द्वारा मारपीट की शिकायत पुलिस में करने से नाराज एक युवक ने अपने ही जीजा के घर में आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 6 जून को चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मोहल्ले में बैठा था, तभी उसका साला रिस्ता नेताम शराब के नशे में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा गाल पर नुकीली वस्तु से वार कर घायल कर दिया।
पीड़ित जब घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी चिखली पहुंचा, उसी दौरान आरोपी ने उसके घर में आग लगा दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी रिस्ता गोंड़ (27), निवासी ग्राम बोरी, चौकी चिखली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।





