छत्तीसगढ़
जीजा को रास्ते से हटाने साले ने रची साजिश, हैदराबाद से आरोपी को उठा लाई पुलिस
jantaserishta.com
26 Aug 2026 10:58 AM IST

x
छत्तीसगढ़.
मोहला-मानपुर-अंबागढ़: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मार्च में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साले ने ही जीजा को मारकर उसकी लाश नाले की रेत में दफना दी थी। मृतक अपनी पत्नी पर उसके ममेरे भाई (मुख्य आरोपी) से अफेयर का शक करता था। इसी शक में पत्नी से मारपीट करता था।
आरोपी ने वारदात को अंजाम देने नाबालिग समेत 3 और लोगों को अपने साथ शामिल किया। आरोपियों ने उसे शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया और गमछे से गला घोंटकर मार दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दबा दिया था।
इस मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में उपयोग की गई बाइक भी जब्त की है। घटना मदनवाड़ा थाना क्षेत्र की है। घटना 5 मार्च 2026 की है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने पुलिस को कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में की।
मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल की तकनीकी मदद के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, चंदन ने हत्या की पूरी घटना के बारे में जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक कदम भुआर्य अपनी पत्नी परमेश्वरी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसे शक था कि पत्नी के उसके ममेरे भाई चंदन के साथ संबंध हैं। इसी बात को लेकर कदम और चंदन के बीच रंजिश थी।
वहीं, परमेश्वरी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ मृतक के व्यवहार से नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते चंदन और चमन ने कदम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में हेमंत राणा और एक नाबालिग को भी शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद उसे शराब पीने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले गए। वहां सभी ने शराब पी। पुलिस के मुताबिक, जब कदम ज्यादा नशे में हो गया तो आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास के नाले किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा और रेत में दबा दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए थे, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें।
Tagsमोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकीमोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिसहत्याMohla-Manpur-Ambagadh Police Stationmurder
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





