
रायगढ़। जिले के कापू थानाक्षेत्र के गांव पत्थलगांव खुर्द में जीजा ने अपने साले की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात रविवार को दोपहर तब हुई जब वह अपनी ससुराल में अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। उसका साल बीचबचाव करने आया इससे ग्रामीण को गुस्सा आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक दाताराम सारथी नामक युवक मुनुंद छाल में रहता है। उसे तीन बच्चे हैं। झगड़े के कारण उसकी पत्नी कुछ दिनों से उर्मिला पत्थलगांव खुर्द में अपने मायके में रह रही थी। उसने भरण पोषण के लिए कोर्ट में केस भी लगाया हुआ है। दाताराम रविवार को अपने बेटों को देखने के बहाने ससुराल पहुंचा।
वह डेढ़ साल के बेटे को छीन कर ले जाने लगा। घर के लोगों ने समझाया कि बच्चा दुधमुंहा है उसे ना ले जाए। वह नहीं माना, इसी बीच उसका बड़ा साला महेश सारथी उसे समझाते हुए थोड़ी दूर तक उसके पीछे-पीछे गया। दोनों में बहस हुई और दाताराम ने पास रखे चाकू से महेश की गर्दन और पेट पर वार किया। गंभीर रूप से जख्मी महेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक महेश की पत्नी कुसुम सारथी ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दाताराम के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया। कापू थाना प्रभारी आरएस तिवारी ने टीम के साथ जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।





