छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व पटल पर चमकें, संसदीय समिति में शामिल हुए बृजमोहन अग्रवाल

Shantanu Roy
25 Aug 2026 9:24 PM IST
छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व पटल पर चमकें, संसदीय समिति में शामिल हुए बृजमोहन अग्रवाल
x
छग
New Delhi/Raipur. नई दिल्ली/रायपुर। शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली में आयोजित हुई, जिसमें रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। समिति के अध्यक्ष श्री मुकुल वासनिक की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार तथा आगामी राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर भारत की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुधारों से संबंधित संशोधित 382वें प्रतिवेदन के प्रारूप पर गहन विचार-विमर्श के बाद उसे स्वीकार किया गया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी परीक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। NTA की कार्यप्रणाली में सुधार से परीक्षा प्रणाली और अधिक पारदर्शी बनेगी, जिसका सीधा लाभ देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के उन लाखों छात्र-छात्राओं को मिलेगा जो मेडिकल, इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा की राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी पूरी निष्ठा से करते हैं।
बैठक में 2026 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों, भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन और पूर्व के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों को ध्यान में रखते हुए देश में नई खेल प्रतिभाओं को तलाशने, उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (TOPS) को और अधिक प्रभावी बनाने पर रूपरेखा तय की गई।
बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के संदर्भ को जोड़ते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के वनांचल से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक अपार खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं। तीरंदाजी, एथलेटिक्स और मार्शल आर्ट्स जैसे खेलों में राज्य के युवाओं में स्वाभाविक क्षमता है। यदि केंद्र सरकार की 'टॉप्स' (TOPS) जैसी योजनाओं का विस्तार जमीनी स्तर पर हो और सुदूर अंचलों के खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन मिलें, तो छत्तीसगढ़ के युवा अंतरराष्ट्रीय मंचों और राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा लहराकर देश का मान बढ़ाएंगे। बैठक में खेल विभाग (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) के सचिव, 'टॉप्स' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तथा समिति के अन्य माननीय सदस्यगण उपस्थित रहे। सांसद ने विश्वास जताया कि समिति के सुझाव देश की युवा शक्ति और खेल जगत को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होंगे।
Next Story