छत्तीसगढ़

पुलिस के लगातार कार्रवाई के बाद भी बाज नहीं आ रहे सटोरिए

Nilmani Pal
18 March 2023 5:26 AM GMT
पुलिस के लगातार कार्रवाई के बाद भी बाज नहीं आ रहे सटोरिए
x

महादेव ऐप की ब्रांच पकड़ाई, तीन गिरफ्तार

भिलाई (जेसेरि)। महादेव ऐप ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की सख्ती के बावजूद दीपसिंह नगर में महादेव ऐप की ब्रांच पकड़ाई। पुलिस ने आरोपियों तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 11 मोबाइल, एक लैपटाप, वाइफाई बॉक्स, 6 लेखाजोखा डायरी, पासबुक, चेकबुक समेत अन्य दस्तावेज जब्त किया है।एसीसीयू प्रभारी प्रभात कुमार झा ने बताया कि दीप नगर में ऑनलाइन सट्टा की जानकारी मिलने पर एसीसीयू की टीम के साथ मौके पर दबिश दी। दीपनगर कॉलेज के पीछे एक किराए के मकान में महादेव ऐप की 229वीं ब्रांच को चलाया जा रहा था। टीम ने चारों तरफ से मकान को घेर लिया। आरोपी रामनगर भिलाई निवासी श्रीकांत देशमुख, बिहार निवासी निरज कुमार और झारखंड निवासी विवेक सिंह को गिरफ्तार किया गया।

अभय चला रहा था 229वीं ब्रांच : पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि महादेव ऐप की 229 वीं ब्रांच को अभय कुमार संचालित कर रहा था। उसने युवकों को अच्छा पेमेंट का लालच देकर बुलाया था। एक आरोपी एकाउंट क्रिएट करता था। दूसरा काली कमाई को ट्रांसफर करता था। तीसरा आरोपी मैनेजमेंट सभांल रहा था।

किसके इशारे में चला रहे थे ब्रांच : दुर्ग पुलिस ने छत्तीसगढ़ ही नहीं देश के अन्य राज्यों से महादेव ऐप ऑनलाइन सट्टा की ब्रांचों को ध्वस्त किया है। 12 सेल कंपनी के 600 करोड़ की राशि जब्त की है। पुलिस के आला अधिकारियों का दावा था कि दुर्ग जिले में अब महादेव ऐप ब्रांच को पूरी तरह से बंद कराया दिया गया है। सवाल यह उठता है कि पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद यह इन आरोपियों ने वैशाली नगर थाना क्षेत्र में महादेव बेटिंग चलाने की हिम्मत किसके इशारे पर जुटाई।

महादेव ऑनलाइन सट्टे का टूटेगा तिलिस्म : महादेव ऑनलाईन सट्टे के खिलाफ दुर्ग पुलिस अब बड़ी कार्रवाई करने वाली है। दुर्ग जिले से शुरू हुआ ये बेटिंग गेम देश सहित अन्य देशों में धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। लेकिन, अब पुलिस इस बेटिंग से जुड़े करीब 12 सेल कंपनी के डॉयरेक्टर तक पंहुचने वाली है। दुर्ग एसपी का दावा है आगामी पांच से छह दिनों के अंदर 12 सेल कंपनी के डायरेक्टर पुलिस के शिकंजे में होंगे और इनके साथ ही लगभग 600 करोड़ रुपयों को जब्त करने का दावा पुलिस कर रही है। गुरुवार को क्राइम मीटिंग कर इसपर विस्तार से चर्चा की गई है।

मनी लांड्रिंग के मामले में पुलिस करेगी बड़ा खुलासा : देशभर में शायद यह पहला मौका होगा। जब जिले की कोई पुलिस मनी लांड्रिंग के मामले में सीधे हस्तक्षेप करते हुए करीब 600 करोड़ रुपयों को जब्त कर पायेगी। जिले के पुलिस कप्तान डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया है कि ऑनलाईन सट्टे से जुड़े मामले में पुलिस जल्द ही 12 सेल कंपनी के डायरेक्टर को महज पांच से छह दिनों में बेनकाब करेगी। वहीं, साढ़े तीन सौ बैंक खाते से लेनदेन के अहम जानकारी दुर्ग पुलिस को मिले हैं। जिससे यह सिद्ध होता है कि महादेव ऑनलाईन सट्टे की अवैध कमाई की रकम इन कंपनियों में इन्वेस्ट किया जाता था। पूरा चैन मनी लांड्रिंग से जुड़ा हुआ है। जिसमे लगभग 600 करोड़ रुपयों को जल्द जब्त किया जा सकता है।

एसपी की बनाई टीम कर रही है जांच : एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि महादेव ऑनलाइन सट्टे के कारोबार करने वाले सेल कंपनियों के खिलाफ लगातार जानकारी जुटाई जा रही है इसके लिए आईपीएस प्रभात कुमार की टीम इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ऑनलाइन सट्टे के सेल कंपनी का महाराष्ट्र, वेस्ट बंगाल,उत्तरप्रदेश में हेड क्वार्टर मौजूद है जल्द सेल कंपनियों के डायरेक्टरो के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट के गंभीर धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उनकी गिरफ्तारी किया जाएगा।

सब्जी कैरेट में छिपाया था 4 लाख का शराब, पिकअप के साथ पकड़ाया तस्कर

कवर्धा जिले के रेंगाखार थाना पुलिस ने रात्रि गस्त पेट्रोलिंग के दौरान अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्कर का पर्दाफाश किया है। शराब का परिवहन बोलेरो पिकअप में सब्जी कैरेट के नीचे रखकर किया जा रहा था। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी तस्कर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले की रेंगाखार पुलिस गुरुवार रात गस्त पेट्रोलिंग में रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की बोलेरो पीकअप में सब्जी कैरेट के नीचे शराब रखकर परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने पड़ोसी राज्य से आने वाली सभी वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच तेज रफ्तार बोलेरा पीकअप सब्जी का कैरेट लेकर पहुंची। पुलिस ने उक्त वाहन को रोका और बारिकी से जांच की तो सब्जी कैरेट के नीचे बड़े पैमाने पर शराब पायी गई। पुलिस ने जांच के लिए जब पूरे सब्जी कैरेट को उतरवाए तो 4300 पौवा गोवा व्हीस्की अंग्रेजी शराब 774 बल्क लीटर शराब मिली। पकड़ी गई शराब की कीमत 4,60,100 रुपए आंकी गई है। पूछताछ में युवक ने दूसरे राज्य से शराब लाना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।

Next Story