छत्तीसगढ़

घर पर बम फेंकने की वारदात, नकाबपोश हमलावर फरार

SHIDDHANT
24 May 2026 8:34 PM IST
घर पर बम फेंकने की वारदात, नकाबपोश हमलावर फरार
x
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर बम फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना में महिला रिंकू तिवारी के घर पर रात के समय दो बम फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया बताया जा रहा है। आरोप है कि सोनू पटेल और उसके साथियों ने नकाब पहनकर रिंकू तिवारी के घर पर दो बम फेंके। वायरल सीसीटीवी फुटेज में तेज धमाके की आवाज भी सुनी जा सकती है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
बताया गया कि हमलावरों में एक युवती भी शामिल थी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। रिंकू तिवारी ने मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने में पहुंचकर पूरे दिन इंतजार किया, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी को हमले का कारण बताया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि इसी महीने बीरगांव में भी बम रखने की एक अलग घटना सामने आई थी, जिसमें एक ठेकेदार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इस तरह की लगातार घटनाओं से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
Next Story