छत्तीसगढ़

जंगल में मिली युवक की लाश, शरीर पर चाकू के निशान, टैटू से पहचान में जुटी पुलिस

SHIDDHANT
1 Nov 2026 7:03 PM IST
जंगल में मिली युवक की लाश, शरीर पर चाकू के निशान, टैटू से पहचान में जुटी पुलिस
x
छग
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस चौकी बया क्षेत्र के ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच जंगल के रास्ते पर 31 अक्टूबर को लगभग 20 से 25 वर्षीय युवक का शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल के रास्ते पर युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए चाकू या किसी अन्य धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीने पर बने KP टैटू से पहचान की कोशिश
मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस उसके शरीर पर बने टैटू का सहारा ले रही है। युवक के सीने पर अंग्रेजी अक्षरों में 'KP' लिखा हुआ है। इसके अलावा एक हाथ पर लड़की का चित्र और दूसरे हाथ पर एक अन्य आकृति का टैटू बना हुआ है। पुलिस का मानना है कि इन विशेष पहचान चिह्नों के आधार पर युवक की पहचान करने में मदद मिल सकती है। आसपास के इलाकों में लापता व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस चौकी बया और थाना राजादेवरी की टीम युवक की पहचान तथा घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी परिवार का 20 से 25 वर्ष का युवक लापता है या बताए गए टैटू और हुलिए से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस चौकी बया या थाना राजादेवरी को सूचना दें।
फिलहाल युवक की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा होना बाकी है।
Next Story