छत्तीसगढ़
17 वर्षीय किशोर की निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में मिली लाश
Shantanu Roy
12 Sept 2026 9:24 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बाधरकोना गांव में 17 वर्षीय किशोर का शव निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के छज्जे पर मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक किशोर की पहचान बाधरकोना निवासी सुकेन यादव (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात सुकेन बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास लोगों ने उसका शव देखा।
छज्जे पर मिला किशोर का शव
ग्रामीणों की सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के छज्जे पर किशोर का शव मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि मृतक किशोर के पिता डेयरी का काम करते हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर किस वजह से किशोर ने इतना बड़ा कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





