छत्तीसगढ़

तालाबंद कमरे के बोरे में मिले पति-पत्नी के शव, बड़ा बेटा फरार

Shantanu Roy
17 Aug 2026 10:03 PM IST
तालाबंद कमरे के बोरे में मिले पति-पत्नी के शव, बड़ा बेटा फरार
x
छग
Surguja. सरगुजा। जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव घर के एक तालाबंद कमरे में बोरे में बंधे मिले। मृतकों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सपड़ा के परसापारा निवासी 55 वर्षीय हीराधर यादव अपनी 50 वर्षीय पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे जदू यादव के साथ पुराने मकान में रहते थे। उनका छोटा बेटा मोहन यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही दूसरे मकान में रहता है। सोमवार सुबह मोहन यादव दूध लेने के लिए माता-पिता के पुराने घर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि घर के दोनों दरवाजों पर सांकल लगी हुई थी। उसने आसपास अपने माता-पिता और बड़े भाई की तलाश की, लेकिन किसी का पता नहीं चला। इसी दौरान घर में काम करने वाला सुकृत नागेश भी वहां पहुंच गया।
दोनों ने घर की सांकल खोलकर अंदर जाकर तलाश शुरू की। घर के अलग-अलग हिस्सों में देखने के बावजूद हीराधर, गुलाबी और जदू का कोई पता नहीं चला। इस दौरान उनकी नजर एक कमरे पर पड़ी, जिसमें ताला लगा हुआ था। संदेह होने पर बंद कमरे का ताला तोड़ा गया। कमरे का दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर दोनों हैरान रह गए। कमरे में खून फैला हुआ था और वहां खून से सने दो बोरे दिखाई दिए। अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल धौरपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत और उनकी टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस की मौजूदगी में दोनों बोरों को खोला गया तो उनमें हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव मिले। दोनों शव बोरे में बंधे हुए थे। पुलिस ने पंचनामा और प्रारंभिक जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर गहरे घाव पाए जाने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि टांगी या फरसे जैसे धारदार हथियार से हमला किया गया होगा। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होने की आशंका है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शवों को बोरे में बांधने के पीछे क्या उद्देश्य था। घटना के बाद से दंपती का 34 वर्षीय बड़ा बेटा जदू यादव नहीं मिल रहा है। उसके अचानक गायब होने के कारण पुलिस की जांच का एक प्रमुख बिंदु उसकी भूमिका भी है। हालांकि अभी तक पुलिस जांच पूरी नहीं हुई है और हत्या में उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर पूछताछ करने का प्रयास कर रही है।
छोटे बेटे मोहन यादव के अनुसार जदू की शादी नहीं हुई है और वह लंबे समय से माता-पिता के साथ रहता था। परिवार में कभी-कभी सामान्य घरेलू विवाद होते थे, लेकिन ऐसा कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था जिससे इस तरह की घटना की आशंका हो। दोहरी हत्या की खबर फैलने के बाद गांव में सनसनी का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। फरार जदू यादव का पता लगाना फिलहाल जांच की अहम कड़ी है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश जारी है और पूछताछ तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारण और आरोपी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story