
x
छग
Bilaspur बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपने बड़े भाई के सिर पर लोहे के सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सुदर्शन कुर्रे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2026 को परिवार के सदस्य राखी का त्योहार मनाने मंझले भाई सुभाष कुर्रे के घर एकत्र हुए थे। शाम करीब पांच बजे सुदर्शन कुर्रे का अपने भांजे और भांजी के साथ पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर सुदर्शन अपने घर से लाठी लेकर आया और सुभाष के साथ मारपीट करने की कोशिश करने लगा।
मौके पर मौजूद परिवार के एक सदस्य ने सुदर्शन के हाथ से लाठी छीन ली। इसके बाद आरोपी अपने घर गया और लोहे का सब्बल लेकर वापस आया। आरोप है कि उसने सुभाष के सिर पर सब्बल से जोरदार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। मुखबिर से आरोपी के गांव में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Next Story





