छत्तीसगढ़

रायगढ़ में भाजयुमो का मशाल जुलूस, कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप

SHIDDHANT
16 Aug 2026 10:05 PM IST
रायगढ़ में भाजयुमो का मशाल जुलूस, कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप
x
छग
Raipur रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर ‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए शहर में मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो नेताओं ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं का मशाल जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक तक पहुंचा। हाथों में मशाल लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजयुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमित शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान जिस तरह का व्यवहार किया, वह राष्ट्रगीत का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामने आए घटनाक्रम को पूरे देश ने देखा है और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। सुमित शर्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ा हुआ है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह लाखों क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा और भाजयुमो इससे जुड़े कथित अपमान को स्वीकार नहीं करेंगे। इसी के विरोध में रायगढ़ में मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया है।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि राष्ट्रगीत के दौरान दोनों बातचीत करते नजर आए। केडिया ने कहा कि इस वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश की भावनाओं, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभक्ति से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसका पूरा सम्मान करना चाहिए। उन्होंने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
भाजयुमो नेताओं के मुताबिक इसी मुद्दे को लेकर विभिन्न स्थानों पर युवा मोर्चा की ओर से विरोध प्रदर्शन और मशाल जुलूस आयोजित किए जा रहे हैं। रायगढ़ में हुए प्रदर्शन के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच रायगढ़ में हुए इस प्रदर्शन ने स्थानीय स्तर पर भी सियासी माहौल गरमा दिया है। भाजयुमो ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रगीत के कथित अपमान के मुद्दे पर उसका विरोध जारी रहेगा।
Next Story