छत्तीसगढ़

रायपुर में BJP का शक्ति प्रदर्शन, पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उमड़े कार्यकर्ता

Shubhra Nandy
6 Nov 2026 7:53 AM IST
रायपुर में BJP का शक्ति प्रदर्शन, पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उमड़े कार्यकर्ता
x
कांग्रेस पर बरसे CM साय
रायपुर : राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित महारैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की मौजूदगी रही।महारैली से पहले विधायक पुरन्दर मिश्रा ने आकाशवाणी स्थित काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने पदयात्रा और जनअभियान की सफलता की कामना की। इसके बाद वे उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रैली में शामिल हुए।

'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के लगे नारे

भाजपा द्वारा आयोजित यह महारैली नेताजी सुभाष स्टेडियम से प्रारंभ होकर घड़ी चौक तक निकाली गई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे लगाए। पार्टी ने इस अभियान को लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और जनजागरण से जोड़ते हुए लोगों तक अपना संदेश पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति से युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र भारत की आत्मा है और इसकी मजबूती हम सभी की जिम्मेदारी है। आज अराजकता, भ्रम और समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ जनता एकजुट होकर खड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मिश्रा ने दावा किया कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए लगातार सक्रिय हैं। विधायक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं की भागीदारी स्थानीय संगठन के लिए महत्वपूर्ण

महारैली में उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी को स्थानीय संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से पार्टी लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर अपना पक्ष जनता के सामने रख रही है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय, मंत्री केदार कश्यप, टंक राम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर शहर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर, महापौर मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महारैली के दौरान भाजपा नेताओं ने संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को अभियान की सफलता से जोड़ा। वहीं, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के कार्यकर्ता आगामी समय में भी पार्टी के जनजागरण अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
Next Story