छत्तीसगढ़

15 साल बनाम 2 साल पर आक्रामक होगी बीजेपी

Nilmani Pal
20 Oct 2020 6:11 AM GMT
15 साल बनाम 2 साल पर आक्रामक होगी बीजेपी
x
भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानून पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है

> भाजपा का राजनीतिक प्रस्ताव, कृषि कानून पर मोदी सरकार की तारीफ

रायपुर (जसेरि)। भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र सरकार की ओर से लाए गए कृषि कानून पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। साथ ही प्रदेश में रमन सरकार के 15 साल बनाम भूपेश सरकार के दो साल को लेकर आक्रामक होने की रणनीति पेश की गई। कृषि कानून के खिलाफ कांग्रेस की ओर से विधानसभा सत्र बुलाने से पहले भाजपा ने भी कृषि प्रस्ताव अलग से पेश किया। इसमें कृषि कानून को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने राजनीतिक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कृषि प्रस्ताव पेश किया।

कौशिक ने कहा कि कृषि सुधार कानून किसानों की वास्तविक आजादी का घोषणापत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि सुधार करके एक नए युग में प्रवेश कराया है। उन्होंने कृषक द्रोही सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसग? में 2019 में 233 किसान और खेतिहर ने आत्महत्या की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जिले में इसी माह नंदिनी में लीलूराम पटेल व प्रदेश के इतिहास में पहली बार नकली कीटनाशक के कारण दुर्गेश निषाद ने आत्महत्या कर ली। शांति का टापू छत्तीसगढ़ आज अपराधियों की सैरगाह हो गया है। एक साल में डकैती, लूट, अपहरण, हत्या की 17 हजार से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। मासूम बच्चियों से लेकर माताओं तक से दुष्कर्म की 2,575 दर्दनाक घटना हुई हैं। क्वारंटाइन सेंटर में अव्यवस्था के कारण लगातार मौत, कोरोना में एक लाख 60 हजार संक्रमित हुए। प्रदेश में आयुष्मान भारत, स्मार्ट कार्ड के बदले लागू खूबचंद बघेल योजना में न तो लोगों का इलाज हो रहा है, न भुगतान हो रहा है। युवा, महिला, सरकारी कर्मचारी सरकार की वादाखिलाफी और जनता शराब, खनिज माफिया से त्रस्त है।

संगठन के एक लाख नेता सड़क पर उतरे तो बदल जाएगी सरकार-सौदान : भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया। सौदान ने कहा कि मंडल स्तर से ऊपर एक लाख कार्यकर्ता हैं। अगर सभी सरकार के जनता विरोधी कामकाज को लेकर सड़क पर उतर जाएं तो एक बार फिर भाजपा की सरकार आ जाएगी। शक्ति केंद्र, बूथ, मंडल, जिला स्तर की ही बात करें तो एक लाख से अधिक प्रमुख कार्यकर्ता हैं। विपक्ष में होने के नाते मजबूती से हर मोर्चे पर कार्यकर्ताओं को ताकत और जोश के साथ लडऩा होगा। संगठन की संरचना के साथ-साथ चार हजार 630 शक्ति केंद्रों के प्रमुख, सहप्रमुखों के साथ छोटी छोटी बैठकें हो जाएं। उनके कार्यों व दायित्वों की समीक्षा के साथ बूथों की बैठक और तैयारी को लेकर व्यापक कार्ययोजना बना कर काम करना है। आने वाले समय में शक्ति केंद्र बूथ, मंडल को मजबूत कर प्रत्येक जिले में प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर तक स्थानीय समस्याओं पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी करें। संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना बना कर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पास कार्यकर्ताओं की एक बड़ी ताकत है।

आज गृहमंत्री आवास का घेराव : भाजपा के जिला इकाई आज प्रदेश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर गृहमंत्री आवास का घेराव कर रही है।

Next Story