
रायपुर। BJP के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल बिलासपुर में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। सांसद अरूण साव के अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला दौरा है। यह संभाग स्तरीय बैठक होगी, जिसमें वे पदाधिकारियों की कामकाज की समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि उनकी इस बैठक के बाद कई जिला अध्यक्ष व संगठन के नेताओं में फेरबदल भी किया जा सकता है।
दरअसल, BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अजय जामवाल को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी है। करीब 10 दिन पहले अपने पिछले दौरे में उन्होंने रायपुर में प्रदेश पदाधिकारी, कोर ग्रुप, संभाग और जिला प्रभारियों के साथ ही मीडिया विभाग और आईटी सेल व क्षेत्रीय संगठन मंत्री की अलग-अलग बैठकें ली थी।
इस बैठक के बाद ही उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को रिपोर्ट दी। जिसके आधार पर संघ से जुड़े और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता रहे बिलासपुर सांसद अरूण साव को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी। माना जा रहा है कि जामवाल छत्तीसगढ़ भाजपा की वापसी की रणनीति को लेकर काम कर रहे हैं। यही वजह है कि वे संगठन में आमूलचूल बदलाव लाना चाहते हैं।
