राजनांदगांव जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा

राजनांदगांव। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा की किरण वैष्णव अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। उन्होंने कांग्रेस की बागी प्रत्याशी विभा साहू को 10-3 के अंतर से शिकस्त दी। किरण का अध्यक्ष निर्वाचित होना पहले से ही तय था। संख्या बल के आधार पर भाजपा जिला पंचायत में एक बड़ी जीत के साथ विजयी हुई। 13 सदस्यी जिला पंचायत सदस्य वाली सीट पर भाजपा के 10 सदस्य निर्वाचित हुए। वहीं कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों की हार से पार्टी का खाता नहीं खुल पाया।
हालांकि कांग्रेस के तीन बागी जिला पंचायत में निर्वाचित हुए हैं। पार्टी ने आज हुए अध्यक्ष के चुनाव के लिए विभा साहू को समर्थन दिया था। कांग्रेस ने विभा साहू को आगे कर अध्यक्ष की कुर्सी के लिए मुकाबला करने का निर्णय लिया। ऐसे में भाजपा को वॉकओवर मिलने की उम्मीद थी। इस बीच आज हुए चुनाव में किरण वैष्णव ने जीत हासिल की। भाजपा के सभी निर्वाचित सदस्यों ने वैष्णव के पक्ष में मतदान किया।
चुनाव में क्रॉस वोटिंग नहीं होने से पार्टी ने राहत की सांस ली। जबकि कांग्रेस रणनीतिक तौर पर क्रॉस वोटिंग को लेकर काफी आस में थी। भाजपा के जिला पंचायत सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा बनाई रखी। इधर अध्यक्ष की कुर्सी एक बार फिर खुज्जी विधानसभा के खाते में चली गई। लगातार दूसरी बार खुज्जी विधानसभा की भाजपा की महिला को जिला पंचायत की सर्वोच्च कुर्सी पर काबिज होने का मौका मिला। पिछले चुनाव में खुज्जी विधानसभा की गीता घासी साहू चुनी गई थी। बहरहाल आज हुए अध्यक्ष के चुनाव में जीत के साथ भाजपा ने बाजी मार ली।





