
x
छत्तीसगढ़
Ambikapur अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए। भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए अंबिकापुर में मशाल रैली निकाली। हाथों में मशाल लेकर भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे और वहां ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से मशाल रैली की शुरुआत की। रैली शिशु मंदिर के पास से होते हुए देव होटल, देवीगंज रोड और कलेक्टोरेट चौक से गुजरकर कांग्रेस कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’ के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यालय के घेराव की सूचना पुलिस को पहले से थी। इसे देखते हुए कार्यालय के सामने सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया। भाजपा कार्यकर्ता जब कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे तो उन्हें बैरिकेडिंग के पास रोक दिया गया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता भी कार्यालय के पास मौजूद रहे और दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के दौरान जो घटनाक्रम सामने आया, उससे राष्ट्रगीत का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भी ज्यादातर लोग ‘वंदे मातरम्’ का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मानजनक रवैया नहीं अपनाने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा हुआ है। इसके कथित अपमान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसी के विरोध में अंबिकापुर में मशाल रैली निकालकर कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। दूसरी ओर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस की विरासत में ‘वंदे मातरम्’ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रगीत के संबंध को लेकर भाजपा को सवाल उठाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी कर अपना पक्ष रखा। ‘वंदे मातरम्’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में राजनीतिक प्रदर्शन का रूप ले चुका है। सरगुजा में भाजपा की मशाल रैली और कांग्रेस कार्यालय के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बीच स्थिति नियंत्रण में रही।
Next Story





