भाजपा जिला उपाध्यक्ष पार्टी से निलंबित, जिलाध्यक्ष के खिलाफ षड़यंत्र करने का लगा आरोप

रायगढ़। जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल पर लगे छेड़खानी के आरोप को राजनैतिक षड़यंत्र करार देते हुए प्रदेश भाजपा ने जिला भाजपा उपाध्यक्ष आशीष ताम्रकार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। आशीष ताम्रकार से सात दिनों के भीतर इस संबंध में जवाब भी मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी से निष्कासन की बात भी कही गई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के निर्देश पर संगठन मंत्री पवन साय के द्वारा नोटिस जारी कर निलंबन की कार्रवाई की गई है। प्रदेश भाजपा की इस कार्रवाई के बाद राजनैतिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही कुछ और लोगों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
दरअसल जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल पर पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने नौ महीने पूर्व खुद के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश संगठन से इसकी शिकायत की थी। इस मामले में जिलाध्यक्ष ने भी अपना पक्ष रखते हुए इसे राजनैतिक षड़यंत्र करार देते हुए जांच की मांग की थी। प्रदेश संगठन ने जांच अधिकारी नियुक्त कर मामले की जांच की थी। इस मामले में बुधवार को प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय ने आशीष ताम्रकार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
