छत्तीसगढ़

अस्पताल में बर्थडे पार्टी, शोरगुल से परेशान हुए मरीज

Nilmani Pal
28 Feb 2023 7:09 AM GMT
अस्पताल में बर्थडे पार्टी, शोरगुल से परेशान हुए मरीज
x
छग

सूरजपुर। जिले के बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी ने केक काटकर अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच स्टाफ म्यूजिक के साथ थिरकते रहे। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जो 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 25 फरवरी को संविदा कर्मचारी तुलेश्वर जायसवाल का जन्मदिन था। इसके लिए वार्ड में ही सजावट की गई थी और वहीं पर केक काटने और नाचने-गाने का इंतजाम किया गया था। ये जन्मदिन उस वार्ड में ही मनाया गया, जिसमें कई मरीज भर्ती थे। शोरगुल और नाचने-गाने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी बात तो ये है कि इस बर्थडे पार्टी में अस्पताल प्रभारी डॉक्टर सुरेश मिश्रा भी शामिल हुए। इसके अलावा डॉक्टर शैलेंद्र अग्रहरी सहित स्टाफ नर्स, एंबुलेंस चालक सभी यहां मौजूद थे।

इन सभी ने वहीं पर खाया खाना और नाच-गाना किया। मरीजों का कहना है कि जब अस्पताल प्रभारी ही मरीजों के प्रति इस तरह का संवेदनहीन रवैया अपनाएंगे, तो बाकी लोगों का क्या होगा। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि ये कोई पहली बार नहीं है, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह का आयोजन आम बात है। अस्पताल स्टाफ को मरीजों की दिक्कत से कोई लेना-देना नहीं है।

Next Story