छत्तीसगढ़

बिलासपुर रेंज IG ने नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को दी भावभीनी विदाई

Shantanu Roy
31 Aug 2026 8:16 PM IST
बिलासपुर रेंज IG ने नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को दी भावभीनी विदाई
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। करीब 38 वर्षों के लंबे, निष्ठावान और अनुशासित सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए नगर सैनिक को पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग (आईपीएस) और कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। समारोह में आईजी राम गोपाल गर्ग ने नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल के समर्पित और अनुशासित सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सेवानिवृत्त नगर सैनिक को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आईजी ने उनके आगामी जीवन के लिए सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
1987-88 में शुरू किया था सेवाकाल
नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग एवं नगर सेना में अपनी सेवा शुरू की थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड लाइन सहित थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2002 से वे लगातार पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में कार्यरत रहे। इस दौरान करीब 24 वर्षों तक उन्होंने कार्यालयीन दायित्वों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया। अधिकारियों के अनुसार, लंबे सेवाकाल में उन्होंने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को हमेशा प्राथमिकता दी।
आपदा प्रबंधन में भी निभाई अहम भूमिका
व्यासनारायण जायसवाल के सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी शामिल रहीं। ओडिशा के भुवनेश्वर में आए विनाशकारी चक्रवात और भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने बचाव दल के सदस्य के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों के बचाव और राहत कार्यों में साहस एवं जिम्मेदारी के साथ योगदान दिया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था और सुरक्षा दल के साथ भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। विभिन्न स्थानों पर तैनाती के दौरान उनके कार्य और अनुशासन की सराहना की गई।
आईजी ने की सेवाओं की सराहना
विदाई समारोह में आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 2002 से निरंतर बिलासपुर रेंज कार्यालय में अपनी सेवाएं देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पदीय दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने उनके लंबे सेवाकाल और कार्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका सेवाकाल अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने इस सम्मानजनक विदाई समारोह के आयोजन के लिए पुलिस महानिरीक्षक और अपने सभी सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विशेष वाहन से घर के लिए किया रवाना
कार्यक्रम के समापन के बाद आईजी राम गोपाल गर्ग ने सेवानिवृत्त नगर सैनिक को स्मृति चिन्ह भेंट कर एक बार फिर उनकी सेवाओं की सराहना की। इसके बाद उन्हें आगामी जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से सुसज्जित वाहन से सम्मानपूर्वक उनके गृह निवास के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन शंकर कश्यप ने किया। विदाई समारोह में बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सहकर्मियों ने अपने साथी नगर सैनिक को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना की।
Next Story