
x
छग
Bilaspur बिलासपुर: शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब 69 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिसका असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा। बिजली बाधित होने से कई वार्डों में शाम की पानी सप्लाई नहीं हो सकी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड स्थित पंप हाउस में बिजली तारों पर पेड़ गिर गया, जिससे वहां लगे 50-50 एचपी क्षमता के दो मोटर पंप बंद हो गए। इसके चलते मुख्य पानी टंकी को भरने का काम प्रभावित हुआ। वहीं, बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में सीएसईबी द्वारा चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण खूंटाघाट से पानी की सप्लाई और ट्रीटमेंट प्रक्रिया भी बाधित रही।
नगर निगम के नल जल विभाग प्रभारी अनुपम तिवारी ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद रात में ट्रीटमेंट प्लांट को दोबारा शुरू करने की तैयारी की गई। उन्होंने कहा कि जब तक व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक ट्यूबवेल के जरिए पानी की टंकियां भरने की वैकल्पिक व्यवस्था लागू रहेगी।
बिजली बंद होने से व्यापार विहार स्थित दो बड़ी पानी टंकियों से तालापारा, मगरपारा, विद्यानगर, तारबाहर और व्यापार विहार समेत सात वार्डों में पानी की सप्लाई प्रभावित रही। इससे लोगों को पानी के लिए इंतजार करना पड़ा। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी तेज आंधी के कारण शहर की बिजली और पानी व्यवस्था प्रभावित हुई थी। लगातार खराब मौसम के चलते नगर निगम और बिजली विभाग की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
Next Story





