छत्तीसगढ़

CCTV में कैद हुआ बाइक चोर, पुलिस ने दबोचा, 2 मोटरसाइकिल बरामद

SHIDDHANT
20 Nov 2026 10:40 PM IST
CCTV में कैद हुआ बाइक चोर, पुलिस ने दबोचा, 2 मोटरसाइकिल बरामद
x
65 हजार की दो बाइक जब्त
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में राजहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 65 हजार रुपए बताई गई है। इनमें एक बाइक 6 नवंबर 2026 को दल्लीराजहरा के नया बाजार से चोरी हुई थी, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल वर्ष 2023 में देवरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
दीपावली की खरीदारी करने पहुंचे व्यक्ति की बाइक चोरी
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खम्हारटोला निवासी आनंद राम विश्वकर्मा (51 वर्ष) अपने परिवार के साथ 6 नवंबर को दीपावली की खरीदारी करने दल्लीराजहरा के नया बाजार पहुंचे थे। उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 N 7682 को शाम करीब 4:30 बजे अजय कलेक्शन के सामने खड़ा किया था। बाइक का हैंडल लॉक कर वे खरीदारी करने चले गए। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने राजहरा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
शिकायत के बाद राजहरा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 23 निवासी अक्षय मालवी (30 वर्ष) पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपी ने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार किया।
दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। इनमें पहली एचएफ डीलक्स बाइक है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपए है। दूसरी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल वर्ष 2023 में देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरतला से चोरी हुई थी। इसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपए है। इस प्रकार कुल 65 हजार रुपए के वाहन बरामद किए गए।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी अक्षय मालवी को गिरफ्तार कर दल्लीराजहरा न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके खड़ा करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Next Story