छत्तीसगढ़
बाइक चोर गिरोहों का भंडाफोड़, पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा
Shantanu Roy
4 Nov 2026 5:31 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस प्रशासन ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग सक्रिय बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा की पुलिस टीमों ने संयुक्त व त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक (विधि से संघर्षरत बालक) सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए शातिर आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सभी दुपहिया वाहनों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर 9 मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए 6 आरोपियों को धर दबोचा, जबकि लैलूंगा पुलिस ने चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ सामान्य चोरी की धाराओं के अलावा संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पूंजीपथरा पुलिस की बड़ी सफलता: जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 02 नवंबर 2026 को बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BM 6316), जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये थी, के चोरी होने की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उसने 30 अक्टूबर की शाम को अपनी गाड़ी कमरे के सामने पार्क की थी, जिसे रात में अज्ञात चोर उड़ा ले गए थे। शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 286/2026 धारा 303(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर के आसपास के जंगल में मिलने की तकनीकी जानकारी प्राप्त हुई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने इलाके के संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि तांबा चोरी के मामले में हाल ही में जेल से छूटकर आया राजू चौहान अपने पुराने साथियों के साथ क्षेत्र में दोबारा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है।
संदेह के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। सघन पूछताछ में आरोपियों ने एकराय होकर बाइक और मोबाइल चोरी का गिरोह बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों का मोड्स ऑपरेंडी (कार्रवाई का तरीका) बेहद शातिराना था। वे रात के अंधेरे में कॉलोनियों और सुनसान इलाकों में घूमकर खड़ी मोटरसाइकिलों के लॉक तोड़कर उन्हें चुरा लेते थे। इसके बाद पुलिस और आम लोगों से बचाने के लिए उन वाहनों को बंजारी मंदिर के पास घने जंगल में ले जाकर झाड़ियों और पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल की बीएस कंपनी कॉलोनी तथा उर्दना इलाके से कुल 9 बाइकें और 2 मोबाइल फोन चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घने जंगल से 9 मोटरसाइकिलें (कुल कीमत करीब 6 लाख 12 हजार रुपये) और 2 मोबाइल जब्त किए। जब्त की गई गाड़ियों में बजाज पल्सर, हीरो पैशन प्रो, स्कूटी, बजाज प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं। चुराए गए इन वाहनों पर पूंजीपथरा और कोतवाली रायगढ़ थाने में अपराध दर्ज हैं। सुनियोजित तरीके से संगठित होकर चोरी करने के कारण प्रकरण में धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। आरोपी राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक व तांबा चोरी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पूंजीपथरा क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी:
राजू चौहान, पिता लालसाय चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी सलखिया, थाना लैलूंगा (हाल मुकाम तराईमाल)।
लक्की सिदार, पिता विजय भारतेंदु, उम्र 19 वर्ष, निवासी तराईमाल, थाना पूंजीपथरा।
राजेश श्रीवास, पिता विजय श्रीवास, उम्र 21 वर्ष, निवासी छाल (हाल मुकाम धनवारपारा तराईमाल)।
बीर सिंह उर्फ लाल सिंह भगत, पिता रत्थो भगत, उम्र 20 वर्ष, निवासी राताईमाल, जिला रायगढ़।
सूर्यदेव राम, पिता विनोद राम, उम्र 18 वर्ष, निवासी बाबुसाजबहार, थाना तुमला, जिला जशपुर (हाल मुकाम खान कॉलोनी तराईमाल)।
एक विधि से संघर्षरत बालक (अपचारी बालक)।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल, सुरेश खुंटे एवं सिकंदर तिर्की का सराहनीय योगदान रहा।
लैलूंगा पुलिस ने चोरी की मॉडिफाई पल्सर के साथ दो को दबोचा
दूसरी कार्रवाई लैलूंगा थाना पुलिस द्वारा की गई। दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को जशपुर जिले के ग्राम सराईटोला निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 14 MV 9707) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, 26 अक्टूबर को वह ग्राम राताखण्ड में मेन रोड किनारे बाइक खड़ी कर किसी काम से गया था, तभी अज्ञात चोर गाड़ी पार कर ले गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 335/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया।
जांच के दौरान लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की एक पल्सर बाइक अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पहचान छिपाने और ऊंचे दामों पर बेचने की नीयत से उन्होंने बाइक के कुछ पार्ट्स बदलकर उसे मॉडिफाई कर दिया था। पुलिस ने उनके पास से लगभग 80 हजार रुपये कीमत की पल्सर बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया।
लैलूंगा क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी
अनिश यादव, पिता शिवचरण, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपुर फुटुपारा, थाना लैलूंगा।
निलेश यादव, पिता गोविंद यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी पहाड़ लुडेग, थाना लैलूंगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, आरक्षक विनोद कुजूर, उमेश साय एवं राजू तिग्गा की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश
सफलतापूर्वक की गई इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रायगढ़, श्री शशि मोहन सिंह ने कहा— "रायगढ़ जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैदी से काम कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संगठित गिरोहों का पर्दाफाश कर 10 वाहन बरामद किए हैं। यह सफलता हमारी टीमों की सजगता और बेहतर मुखबिर तंत्र का परिणाम है। जिले में चोरी व अन्य अपराधों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों व लॉक लगाकर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।"
Next Story





