
x
छग
Kanker. कांकेर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करते हुए 18 वर्षीय आरोपी प्रिंस उइके को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बाइक को इरबोडी जंगल से बरामद किया। बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
घर के सामने खड़ी बाइक हुई चोरी
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनुपम तिवारी ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-19 BU 5567 को 30 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे अपने घर के सामने खड़ा किया था। अगले दिन सुबह जब उन्होंने देखा तो मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। प्रार्थी ने आसपास बाइक की तलाश की और अपने स्तर पर काफी पतासाजी की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 31 अगस्त को दुर्गूकोंदल थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रार्थी की शिकायत पर थाना दुर्गूकोंदल में अपराध क्रमांक 23/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर चोरी गई मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को प्रिंस उइके पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी प्रिंस उइके, पिता शिवकुमार उइके, उम्र 18 वर्ष, निवासी इरबोडी, थाना अंतागढ़ ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 30 अगस्त की रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल को डायरेक्ट कनेक्शन कर चोरी किया था। आरोपी के अनुसार, मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उसने उसे अपने गांव के पास जंगल क्षेत्र में छिपाकर रख दिया था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल बताए गए स्थान पर तलाश शुरू की।
इरबोडी जंगल से बरामद हुई बाइक
पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर 1 सितंबर 2026 को इरबोडी जंगल में दबिश देकर चोरी की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-19 BU 5567 बरामद कर ली। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंस उइके को 1 सितंबर को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर दुर्गूकोंदल थाना पुलिस ने चोरी की घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और बाइक बरामद की। पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे, सहायक उप निरीक्षक महावीर मिश्रा, प्रधान आरक्षक क्रमांक 624 जीवधन यादव और आरक्षक अवधनाग शामिल रहे।
Next Story





