छत्तीसगढ़

डिवाइडर से टकराई बाइक, ग्रामीण की स्पॉट पर ही मौत

Nilmani Pal
21 May 2026 5:12 PM IST
डिवाइडर से टकराई बाइक, ग्रामीण की स्पॉट पर ही मौत
x
छग

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक सडक़ हादसा हो गया। हुकराडीपा के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तपवन गुप्ता (42 वर्ष) निवासी डाकदही, घरघोड़ा के रूप में हुई है। वहीं घायल रथ भोई (40 वर्ष) ओडिशा के गिरसिंगा का रहने वाला बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह दोनों बाइक से डाकदही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हुकराडीपा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सडक़ पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराते दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


Next Story