छत्तीसगढ़

उप्र में पिछड़ा वर्ग का चेहरा होंगे भूपेश बघेल

Admin2
13 July 2021 6:10 AM GMT
उप्र में पिछड़ा वर्ग का चेहरा होंगे भूपेश बघेल
x

नई दिल्ली से पप्पू फरिश्ता की रिपोर्ट

यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी करेंगी लीड

देश में पिछड़ा वर्ग के सबसे बड़े नेता के तौर पर उभरे भूपेश बघेल, मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राष्ट्रीय स्तर में छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री रहते ही कांग्रेस पार्टी बड़ी जिम्मेदारी और पद से नवाजने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देश के सबसे बड़े पिछड़ा वर्ग के चेहरे के रूप में उभरे भूपेश बघेल को जल्द से जल्द कांग्रेस पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी के तौर पर महत्वपूर्ण पद से नवाजे जाने की चर्चा है। भूपेश बघेल मुख्यमंत्री रहते राष्ट्रीय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी बखूबी निभा लेंगे ऐसा राजनीतिक पंडितों का मानना है। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी ने तय किया है कि राष्ट्रीय स्तर पर भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। पार्टी ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि यह घोषणा कितनी जल्दी होती है। नाम नहीं छापने की शर्त पर सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश चुनाव के चलते या उसके पहले कभी भी घोषणा हो सकती है।

नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधासभा के चुनाव में प्रियंका गांधी लीड करेंगी। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार और प्रबंधन के मोर्चे पर छत्तीसगढ़ की टीम को उतारने का फैसला किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। प्रियंका ने उन्हें टीम के साथ चुनाव के मोर्चे पर उतरने के निर्देश दिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी को पहले ही उत्तर प्रदेश का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वह बूथ स्तर पर मैनेजमेंट में जुटे हैं। इससे पहले छत्तीसगढ़ के नेताओं को उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में उतारा गया था। अब पूर्वाचल में फिर छत्तीसगढ़ के नेताओं को सक्रिय किया जाएगा।

प्रियंका गांधी से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद कहा कि देश के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं। प्रियंका गांधी से मुलाकात के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल और राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। करीब एक घंटे चली मुलाकात में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के नेताओं को पूर्वाचल की विधानसभा सीट की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ का बार्डर भी इसी इलाके में लगता है। प्रदेश में पूर्वाचल के लोगों की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में इस इलाके में चुनाव प्रचार प्रभावी रहेगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ के टीम को बिहार और असम के विधानसभा चुनाव के मोर्चे पर उतारा गया था। असम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण पार्टी मुकाबले में आई थी।

Next Story