छत्तीसगढ़

कांग्रेस पंजाब में अपने दम पर लड़ेगी चुनाव या नहीं, इस पर भूपेश बघेल ने साधी चुप्पी

Nilmani Pal
2 Jun 2026 5:15 PM IST
कांग्रेस पंजाब में अपने दम पर लड़ेगी चुनाव या नहीं, इस पर भूपेश बघेल ने साधी चुप्पी
x
रायपुर/पंजाब। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कट्टर ईमानदार की बजाय कट्टर बेईमान लोग सरकार चला रहे हैं। भूपेश बघेल मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब में ईमानदार और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का वादा कर आम आदमी पार्टी सत्ता में आई, लेकिन सरकार ने बेईमानी की सारी हदें पार कर दीं। भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार है। वहां कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। ड्रग्स और गैंगस्टरों का खुला राज चल रहा है। भले ही आम आदमी पार्टी को कट्टर ईमानदार पार्टी कहा जाता हो, लेकिन हकीकत यह है कि एक पूरी तरह से बेईमान पार्टी ने वहां सरकार बना रखी है।

पंजाब चुनाव को लेकर भूपेश बघेल ने बताया कि पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों में दो महत्वपूर्ण बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में पंजाब की मौजूदा स्थिति, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बघेल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और कांग्रेस पार्टी आगामी चुनावों की तैयारी में जुटी हुई है।भूपेश बघेल ने केसी वेणुगोपाल के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जो कुछ भी केसी वेणुगोपाल ने कहा है, वह बिल्कुल सही है। इसमें कोई बदलाव नहीं है। पंजाब चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में हम चुनाव में जाएंगे। हालांकि चुनाव कांग्रेस पार्टी अपने दम पर लड़ेगी या नहीं, इस पर भूपेश बघेल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पंजाब में साल 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

Next Story