छत्तीसगढ़

भटगांव कॉम्प्लेक्स विवाद: नगर पंचायत अध्यक्ष कुर्रे ने आरोपों को बताया निराधार

Shantanu Roy
7 Nov 2026 8:37 PM IST
भटगांव कॉम्प्लेक्स विवाद: नगर पंचायत अध्यक्ष कुर्रे ने आरोपों को बताया निराधार
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत भटगांव में अड़बन्धा तालाब के पास निर्माणाधीन व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने नगर पंचायत कार्यालय में प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने निर्माण कार्य को नियमों के अनुरूप बताते हुए आरोपों को निराधार करार दिया। प्रेसवार्ता में नगर अध्यक्ष कुर्रे ने कहा कि अड़बन्धा तालाब के पास व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण नगर के विकास और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। उनके अनुसार, निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भ्रामक आरोप लगाकर नगर के विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।


नगर अध्यक्ष ने मानव अधिकार संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का दावा करने वाली पूनम पांडे पर भी आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पूनम पांडे ने हाल ही में निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को लेकर विवाद खड़ा किया और मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू तथा नगर पंचायत अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कुर्रे ने कहा कि उन पर अवैध उगाही के आरोप लगाकर उनकी सार्वजनिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। विक्रम कुर्रे ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों से उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही उन्होंने मानहानि का दावा करने की बात भी कही।
Next Story