छत्तीसगढ़
सावधान! बैंक खाता किराये पर देना पड़ सकता है महंगा; रायपुर पुलिस ने जारी किया अलर्ट
Shubhra Nandy
29 Nov 2026 10:10 AM IST

x
साइबर ठगों से रहें सावधान
रायपुर : साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण जागरूकता संदेश जारी किया है। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि कमीशन और अतिरिक्त कमाई के लालच में अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को किराये पर देना जेल पहुंचा सकता है। साइबर अपराधी लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगवाने के लिए करते हैं।
रायपुर पुलिस ने 'गुड मॉर्निंग रायपुर' अभियान के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ठग कमीशन देने का लालच देकर खाताधारकों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसके बाद धोखाधड़ी से प्राप्त रकम उनके बैंक खातों में मंगवाते हैं। ऐसे मामलों में संबंधित खाताधारक को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड इस्तेमाल करने के लिए नहीं देना चाहिए। थोड़े से पैसों का लालच बड़ी कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। साइबर अपराधी ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध वित्तीय लेनदेन के लिए करते हैं। इन्हें सामान्य तौर पर म्यूल अकाउंट कहा जाता है। इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता है। ऐसे में खाताधारकों को अपने बैंक खाते के इस्तेमाल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और कमीशन के बदले बैंकिंग सुविधाएं साझा करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर कॉल किया जा सकता है। पुलिस का जागरूकता संदेश नागरिकों को आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचाने पर केंद्रित है। डिजिटल लेनदेन के दौर में सतर्कता और जागरूकता साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
Next Story





