छत्तीसगढ़

RTO e-Challan स्कैम से सतर्क रहने की अपील

Shantanu Roy
26 Dec 2025 7:26 PM IST
RTO e-Challan स्कैम से सतर्क रहने की अपील
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में RTO e-Challan के नाम पर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कार्यालय परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में राज्य में e-Challan से जुड़ा एक नया स्कैम सामने आ रहा है, जिसमें ठग परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का क्लोन पेज बनाकर लोगों को फर्जी मैसेज भेज रहे हैं और उनसे ऑनलाइन भुगतान करवा कर ठगी कर रहे हैं।
परिवहन विभाग ने बताया कि साइबर अपराधी आम लोगों को ट्रैफिक नियम तोड़ने का डर दिखाते हुए e-Challan से संबंधित भ्रामक और डराने वाले संदेश (SMS/WhatsApp) भेजते हैं। इन मैसेज में एक लिंक दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने को कहा जाता है। लिंक पर क्लिक करते ही या तो व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी चोरी हो जाती है या फिर उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं। कई मामलों में .apk फाइल या संदिग्ध शॉर्ट लिंक (जैसे किसी व्यक्तिगत नंबर से भेजा गया लिंक) भेजकर मोबाइल को हैक करने की कोशिश भी की जा रही है।

परिवहन आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि RTO चालान के भुगतान के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। आम नागरिक अपने वास्तविक e-Challan की जांच और भुगतान के लिए केवल https://echallan.parivahan.gov.in वेबसाइट पर जाएं। वेबसाइट पर जाकर e-Challan सेक्शन में “Pay Online” पर क्लिक करें, इसके बाद चालान नंबर और कैप्चा कोड डालकर “Get Detail” पर क्लिक करें। फिर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने के बाद चालान से संबंधित पूरी जानकारी देखी जा सकती है और सुरक्षित तरीके से भुगतान किया जा सकता है।
परिवहन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुलिस एवं परिवहन विभाग के प्रवर्तन अमले द्वारा जब भी e-Challan किया जाता है, तो उसकी सूचना केवल आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in के माध्यम से ही पंजीकृत मोबाइल नंबर पर टेक्स्ट मैसेज के रूप में भेजी जाती है। किसी भी व्यक्तिगत मोबाइल नंबर, अनजान लिंक या संदिग्ध ऐप के माध्यम से चालान की जानकारी या भुगतान की मांग नहीं की जाती।
विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि वे कभी भी किसी अजनबी लिंक पर क्लिक न करें, न ही किसी
अज्ञात कॉल
या मैसेज के आधार पर ऑनलाइन भुगतान करें। बैंक खाते, ओटीपी, पिन और निजी जानकारी को किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी व्यक्ति को e-Challan के नाम पर कोई संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऐप प्राप्त होता है, तो तुरंत निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। परिवहन आयुक्त कार्यालय ने कहा है कि सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। सही जानकारी और आधिकारिक प्लेटफॉर्म का उपयोग कर ही लोग खुद को आर्थिक नुकसान से बचा सकते हैं।
Next Story