छत्तीसगढ़

सावधान! YONO ऐप डाउनलोड कराना पड़ा भारी, रिटायर्ड टीचर के खाते से उड़ाए लाखों

SHIDDHANT
5 Sept 2026 10:45 PM IST
सावधान! YONO ऐप डाउनलोड कराना पड़ा भारी, रिटायर्ड टीचर के खाते से उड़ाए लाखों
x
छग
Bilaspur बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा निवासी 89 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक को साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर अपना शिकार बनाया और उनके खाते से 3 लाख 16 हजार 919 रुपये निकाल लिए। पीड़ित नत्थूराव करनेवार ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और योनो ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी।
ठग ने बुजुर्ग शिक्षक को भरोसे में लेते हुए ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया बताई। इसी दौरान पीड़ित से बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली गई। जानकारी मिलते ही साइबर ठगों ने उनके इंडियन बैंक ईदगाह चौक शाखा स्थित खाते से बड़ी रकम निकाल ली। कुछ देर बाद जब खाते से पैसे कटने का मैसेज मोबाइल पर आया तो रिटायर्ड शिक्षक को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक पहुंचकर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ठगों तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात के पीछे कौन सा साइबर गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या मोबाइल ऐप के जरिए निजी जानकारी साझा न करें। बैंक कर्मचारी कभी भी फोन पर ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।
Next Story