कबीर नगर में सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, 5 लाख नकदी के साथ पकड़ाए सटोरिये

जनता से रिश्ता की खबर का असर
रायपुर। पुलिस द्वारा जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत DCP West संदीप पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कबीर नगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए acp आजाद चौक इशू अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रेल्वे पटरी के पास घेराबंदी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
कबीर नगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति रेल्वे पटरी के पास संदिग्ध रूप से मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना की पुष्टि हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि एवं मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ के दौरान सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं मुख्य संचालकों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। प्रकरण में विस्तृत जांच जारी है तथा शीघ्र ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस सट्टे कारोबार के पीछे बाबू पठान और ईमू का हाथ है, जो पर्दे के [पीछे रहकर अपना कारोबार ऑपरेट कर रहे है। अब सवाल उठ रहे है कि पुलिस इन दो बड़े सट्टे किंग को कब गिरफ्तार करेगी या फिर संरक्षण देकर कारोबार को और बढ़ावा देगी।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम
1. आकाश टांडी, पिता बलार टांडी, उम्र 31 वर्ष, निवासी – रवि फैंसी स्टोर वाली गली, कोटा, रायपुर।
2. मोहम्मद आरिफ, पिता मोहम्मद इकबाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी – कोटेश्वर नगर, कोटा (रवि भवन के सामने), थाना सरस्वती नगर, जिला रायपुर।





