छत्तीसगढ़

घर-घर पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज

SHIDDHANT
9 Sept 2026 9:03 PM IST
घर-घर पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज
x
छग
Raipur रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से जीपीएम जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाले अभियान में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे को अभियान का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम को परिवारों को दीप प्रज्वलित कर अभियान से जोड़ने की योजना है। दीप को प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा और श्रेष्ठ कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें पोषण, टीकाकरण, मातृ सहायता तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। ‘कहानी बदलाव की’ पहल में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। अभियान में बच्चे, महिलाएं, युवा, किसान और अन्य नागरिकों को जोड़ते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
Next Story