छत्तीसगढ़

सब्जी फार्म हाउस में मधुमक्खियों का डेरा, मजदूर की मौत

Nilmani Pal
6 May 2026 4:20 PM IST
सब्जी फार्म हाउस में मधुमक्खियों का डेरा, मजदूर की मौत
x
पढ़े पूरी खबर

दुर्ग। गनियारी स्थित एक सब्जी फार्म हाउस में मंगलवार सुबह मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद फार्म हाउस में काम कर रहे अन्य मजदूर जान बचाकर भागे। फार्म हाउस के मैनेजर भाविक टांक ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे जब वे फार्म पहुंचे, तो ट्रैक्टर ड्राइवर ने उन्हें मजदूर रमेश भोई पर मधुमक्खियों के हमले की सूचना दी। ड्राइवर के अनुसार, एक पेड़ की डाल पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता तेज हवा के कारण टूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद भड़की मधुमक्खियों ने आसपास काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और ट्रैक्टर ड्राइवर भागने में सफल रहे। हालांकि, 60 वर्षीय रमेश भोई की शारीरिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे तेजी से चल नहीं पाए और मधुमक्खियों के हमले से बच नहीं सके, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मैनेजर भाविक टांक ने बताया कि रमेश को बचाने के लिए उन पर पानी डाला गया और कंबल से ढककर मधुमक्खियों से बचाने का प्रयास किया गया।

इसके बाद उन्हें तुरंत रसमढ़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्ग जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश भोई ने दम तोड़ दिया।रमेश भोई (60 वर्ष), मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के निवासी थे। वे अपनी पत्नी अष्टमी भोई (65 वर्ष) के साथ पिछले 12 वर्षों से गनियारी के रितेश टांक के सब्जी फार्म हाउस में काम कर रहे थे। दंपती की कोई संतान नहीं है।

Next Story