छत्तीसगढ़

जमीन विवाद में तलवार और डंडे से पीटा, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार

Nil dhankar
8 March 2026 4:44 PM IST
जमीन विवाद में तलवार और डंडे से पीटा, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार
x
छग

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कापू पुलिस ने जमीन विवाद में मारपीट की घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी उमेश कुमार नट पिता स्व. जगरनाथ नट उम्र 48 वर्ष निवासी कण्ड्रजा थाना कापू जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले के संबंध में थाना कापू में 10 नवंबर 2025 को प्रार्थी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट निवासी ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर पटनापारा द्वारा मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी की पत्नी और मां के नाम पर दर्ज भूमि खसरा नंबर 3571/2 रकबा 0.210 हेक्टेयर को लेकर आरोपी उमेश कुमार नट के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन प्रार्थी अपने खेत की जोताई कर वापस घर लौट रहा था, तभी आरोपी उमेश कुमार नट अपने साथियों विशाल सिंह, जयपाल सिंह और प्रेम सिंह नट के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी उमेश नट तलवार लहराते हुए जबरन प्रार्थी के घर में घुस गया और अपने साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी एवं उसके परिजनों के साथ हाथ-मुक्का, डंडा और तलवार से मारपीट की।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 333, 117(2), 118(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया जिसमें मिथुन सिंह नट की चोट गंभीर प्रकृति की पाए जाने पर प्रकरण में धारा 117(2) और 118(1) बीएनएस जोड़ी गई। मामले में पुलिस द्वारा पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी उमेश कुमार नट घटना के बाद से फरार था।

थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपनी बेटी की सगाई के कारण गांव वापस आया है और अपने घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को उसके गांव से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शहडोल तथा छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी और उठाईगिरी की वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल कापू पुलिस ने उसे मारपीट के दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Next Story