छत्तीसगढ़
मवेशी चराने जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने किया हमला, दोनों घायल
Shantanu Roy
2 Oct 2026 8:05 PM IST

x
छग
Sukma. सुकमा। जिले में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग इलाकों में बाघ की मौजूदगी के प्रमाण मिलने के बीच अब पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के पालामडगू गांव में भालू के हमले की घटना सामने आई है। मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार, पालामडगू गांव के पटेलपारा निवासी पोडियाम मुड़ा (30) और कवासी हिड़मा (50) गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। दोनों ग्रामीण गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक भालू से हो गया।
बताया जा रहा है कि भालू ने दोनों ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला। इसके बाद घायल पोडियाम मुड़ा और कवासी हिड़मा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। भालू के हमले की इस घटना के बाद पालामडगू और आसपास के जंगल से लगे गांवों में वन्यजीवों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण रोजाना मवेशी चराने और अन्य कार्यों के लिए जंगल की ओर जाते हैं। ऐसे में वन्यजीवों से सामना होने की आशंका के कारण लोगों में डर बना हुआ है।
इधर, सुकमा जिले के अलग-अलग इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बाघ की मौजूदगी के प्रमाण भी मिल रहे हैं। इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और ट्रैकिंग कर रही है। इसी बीच भालू के हमले की घटना सामने आने से जंगल से सटे क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल से लगे इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही वन्यजीवों की गतिविधियों वाले क्षेत्रों की जानकारी ग्रामीणों को समय पर देने और जंगल की ओर जाते समय बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर जागरूक करने की मांग भी की गई है। फिलहाल भालू के हमले में घायल दोनों ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद पालामडगू क्षेत्र के ग्रामीण सतर्क हैं।
Next Story





