छत्तीसगढ़
बस्तर अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व प्रसिद्घ, फिर सुर्खियों में मांदरकोंटा, रोशनी में चमकते हैं स्तंभ
Nil dhankar
13 Feb 2022 12:44 PM IST

x
पढ़े पूरी खबर
बस्तर: छत्तीसगढ़ का बस्तर अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व प्रसिद्घ है। यहां कई बड़े पहाड़, झरने, गुफाएं हैं जिसकी प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इन्हीं सब खूबसूरती के बीच इन दिनों बस्तर के ग्रामीणों को सालों पुरानी एक गुफा भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है। पिछले कुछ दिनों से लगातार पर्यटक गुफा की सैर करने और उसकी प्राकृतिक बनावट को देखने के लिए जा रहे है। इस गुफा की खोज 40 के दशक में की गई थी, लेकिन नई पीढ़ी के लोगों को साल 2022 में इस गुफा के बारे में पता चला है।
जगदलपुर शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर नेगानार इलाके के मांदरकोंटा गांव में बड़े चट्टानों के बीच मांदरकोंटा गुफा स्थित है। साल 1948 में गांव के ही एक ग्रामीण लखमा सोढ़ी ने लालटेन के सहारे गुफा की खोज की थी। उस समय भी जंगली जानवरों का भय ग्रामीणों को सताता था। इस लिए कोई भी ग्रामीण गुफा के अंदर जाने से घबराता था। इस गुफा की जानकारी प्रशासन को भी दी गई थी। लेकिन, इसे कोटमसर गुफा की तरह संजोने किसी ने ध्यान नहीं दिया था। जब साल 2022 में यहां गुफा होने की जानकारी लोगों को मिली तो इसकी खूबसूरत बनावट को देखने लोगों की उत्सुकता भी बढ़ने लगी।
बताया जाता है कि इस गुफा का प्रवेश द्वार काफी सकरा है। इस लिए इसके अंदर प्रवेश करने से लोग थोड़े हिचकिचा जरूर रहे हैं। लेकिन प्रवेश द्वार की चट्टान को पार करने के बाद अंदर करीब 60 मीटर गहरी गुफा है। इस गुफा की चौड़ाई और ऊंचाई भी बेहद अधिक है। ग्रामीणों ने बताया कि, साल 2022 में जब वे गुफा के अंदर गए थे तो अंदाज से इसकी गहराई का पता लगाया था।
गुफा के अंदर चूना पत्थर होने के कारण पानी के रिसाव से कार्बन डाइऑक्साइड और पानी की रसायनिक क्रिया होने के कारण गुफा में स्लेटमाइट और स्लेटराइट के स्तंभ बने हुए हैं। स्लेटराइट के स्तंभ में रोशनी पड़ने के कारण यह और भी चमकदार और आकर्षक लगती है। हालांकि अंदर सूर्य की किरण नहीं पहुंचती। टॉर्च से देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस गुफा की प्राकृतिक बनावट अद्भुत है। गुफा के अंदर ऐसी सुंदर संरचना और कलाकृति दिखाई पड़ती है जो पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
कुछ दिन पहले इलाके के युवा बादशाह खान समेत अन्य युवाओं को गुफा के बारे में जानकारी मिली थी। वे गुफा की खोज करते वहां पहुंच गए थे। गुफा के अंदर जाने के बाद खूबसूरती को जब कैमरे में कैद कर बाहर लाया गया और सोशल मीडिया में तस्वीरें वायरल की गई तो लोगों को इसकी जानकारी मिलनी शुरू हो गई। इसके बाद एकाएक लोगों की भीड़ गुफा को देखने पहुंचने लगी है। इधर लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि कोटमसर गुफा की तरह इस गुफा को भी संजो कर रखा जाए।
Next Story





