छत्तीसगढ़

हाईकोर्ट का अहम फैसला: पति पर भाभी से अवैध संबंध का बेबुनियाद आरोप मानसिक क्रूरता, तलाक बरकरार

jantaserishta.com
13 Nov 2026 3:00 PM IST
हाईकोर्ट का अहम फैसला: पति पर भाभी से अवैध संबंध का बेबुनियाद आरोप मानसिक क्रूरता, तलाक बरकरार
x
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: पत्नी ने पति पर उसकी भाभी से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने इसे गंभीर मानसिक क्रूरता मानते हुए पति के पक्ष में परिवार न्यायालय द्वारा दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखा है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जीवनसाथी के चरित्र पर बिना किसी ठोस आधार के गंभीर आरोप लगाना मानसिक प्रताड़ना का कारण बन सकता है।
मामला दुर्ग निवासी राहुल यादव और उनकी पत्नी अंजली यादव का है। राहुल ने पत्नी के व्यवहार को मानसिक क्रूरता बताते हुए परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका लगाई थी। परिवार न्यायालय ने 21 दिसंबर 2023 को पति के पक्ष में फैसला सुनाते हुए तलाक की डिक्री जारी की थी। पत्नी ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की युगलपीठ ने की।
पति ने अदालत को बताया कि शादी के बाद से ही पत्नी उसके माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करती थी। वह परिवार से अलग रहने का दबाव बनाती थी। पति का यह भी आरोप था कि पत्नी और उसके पिता उसे अपने घर में घर जमाई बनकर रहने और उनके व्यवसाय में सहयोग करने के लिए दबाव डालते थे।
पति के अनुसार, पत्नी बाद में मायके चली गई और कई प्रयासों के बावजूद वापस नहीं लौटी। उसने पति और उसके परिवार के खिलाफ महिला थाने में शिकायत करने के साथ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामले भी दर्ज कराए थे।
पत्नी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पति ने उसे प्रताड़ित किया और 27 मई 2018 को बेटे के साथ मायके छोड़ दिया था। उसका कहना था कि वह पति के साथ रहना चाहती थी, लेकिन पति उसे वापस ले जाने को तैयार नहीं था। पत्नी ने यह भी तर्क दिया कि उसके द्वारा की गई शिकायतों को मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता।
हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों के बयानों और गवाहियों का परीक्षण किया। सुनवाई के दौरान पति की जिरह में पत्नी ने उस पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया था। कोर्ट ने पाया कि इस गंभीर आरोप के समर्थन में कोई प्रमाण या आधार पेश नहीं किया गया।
युगलपीठ ने कहा कि किसी व्यक्ति के चरित्र और वैवाहिक निष्ठा पर इस तरह के निराधार आरोप लगाना उसे गहरी मानसिक पीड़ा पहुंचा सकता है। यह मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। कोर्ट ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि पति ने पत्नी के इलाज और प्रसव का खर्च उठाया था तथा उसे वापस लाने के प्रयास भी किए थे। पति, उसके पिता और भाई की गवाही में ऐसा कोई महत्वपूर्ण विरोधाभास सामने नहीं आया, जिससे उनके बयानों को अविश्वसनीय माना जा सके।
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए हाई कोर्ट ने पत्नी की अपील खारिज कर दी और परिवार न्यायालय द्वारा पति के पक्ष में दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story